महिला समिति ने महिला सदन भवन उपलब्ध कराने पर दी सर्वसम्मति से सहमति
रायगढ़। जिले के महापल्ली क्षेत्र में जल्द ही नई पुलिस चौकी शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। गुरुवार को चक्रधर नगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा की उपस्थिति में महिला सदन, हरडा बहाली (महापल्ली) में आयोजित महिला समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्थायी भवन बनने तक महिला सदन से ही पुलिस चौकी का संचालन किया जाएगा।
बैठक में सरपंच तपस्विनी किसान, पंच कुंदकुंवर पटेल, अंबिका यादव, सरस्वती प्रधान, अमिला चौहान, नरेश अग्रवाल, महिला समिति अध्यक्ष पार्वती बैरागी, सरला अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि महापल्ली का महिला सदन पुलिस चौकी संचालन के लिए रणनीतिक रूप से उपयुक्त स्थान है। यहां से ओडिशा सीमा की दूरी लगभग 4–5 किलोमीटर है, जिससे अंतर्राज्यीय अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि चौकी का क्षेत्र जामगांव और कोयलंगा तक रहेगा तथा परिसर को सीसीटीवी निगरानी से भी लैस किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नई चौकी शुरू होने से ओडिशा की ओर से अपराध कर भागने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी संभव होगी और पूरे पूर्वांचल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला समिति की सहमति से संबंधित जानकारी पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह को भेजी जाएगी, जिसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर महापल्ली पुलिस चौकी का शीघ्र शुभारंभ कराया जाएगा।
महापल्ली को जल्द मिलेगी पुलिस चौकी
