ग्राम पंचायत करंजी में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों हेतु विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

कोण्डागांव, 15 जून 2025 - विश्व वरिष्ठ दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर आज ग्राम पंचायत करंजी में एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के साथ होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और भावनात्मक शोषण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना रहा।

 

यह कार्यक्रम माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्रीमती किरण चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव सुश्री गायत्री साय के नेतृत्व में आयोजित किया गया। शिविर में अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट एवं पैरालीगल वॉलंटियर्स/अधिकार मित्रों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी जानकारी प्रदान की गई।

 

 सुरेन्द्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि, "वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की नींव हैं, उनका सम्मान एवं संरक्षण हमारा नैतिक और कानूनी दायित्व है। उन्हें किसी भी प्रकार की हिंसा या शोषण से मुक्त जीवन जीने का अधिकार है।"

 

इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को वरिष्ठ नागरिक संरक्षण अधिनियम 2007, घरेलू हिंसा अधिनियम, पाॅक्सो अधिनियम 2012, मोटर यान अधिनियम एवं संपत्ति अधिकार जैसे कानूनी विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव से कैसे निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

 

शिविर में ग्राम पंचायत सरपंच विनोद नेताम, सचिव चंद्रिका नाईक, श्री रविन्द्र बघेल, रंजन बैध, पारेश्वर देवांगन, लोकेश यादव सहित अनेक अधिकारी मित्र, वरिष्ठ नागरिक व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

यह कार्यक्रम समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने एवं उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।

Related Post