कोंडागांव, 22 जून 2026 | युगशक्ति वेदमाता गायत्री एवं मां गंगा के अवतरण दिवस महापर्व से एक दिन पूर्व मंगलवार को गायत्री परिवार कोंडागांव द्वारा दंडकारण्य परियोजना चिखलपुट्टी आश्रम से भव्य विचार क्रांति जनजागरण रैली निकाली गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिससे पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो गया।
रैली में शामिल गायत्री परिवार के भाई-बहनों ने “संस्कृति की रक्षा कौन करेगा, देश की रक्षा कौन करेगा – हम करेंगे, हम करेंगे” जैसे प्रेरणादायी और राष्ट्रजागरण के नारे लगाए। इस दौरान समाज में स्वास्थ्य संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण, नारी जागरण तथा नशा उन्मूलन का संदेश भी दिया गया।

बाइक रैली को पूरी तरह अनुशासित ढंग से आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने यातायात को बाधित किए बिना जनजागरण का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया। रैली के दौरान नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने बताया कि बुधवार को गंगा दशहरा एवं गायत्री जयंती महापर्व के अवसर पर चिखलपुट्टी स्थित गायत्री आश्रम में धर्मसभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न आध्यात्मिक आयोजनों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा।
