कोंडागांव-खुटडोबरा मार्ग दलदल में तब्दील, स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को भारी परेशानी

कोण्डागांव, 05 नवम्बर 2025। कोंडागांव जिला मुख्यालय से लगे ग्राम खुटडोबरा मार्ग की स्थिति इस समय बेहद दयनीय बनी हुई है। बारिश खत्म होने के बावजूद यह मार्ग अब भी दलदल और कीचड़ से भरा हुआ है, जिससे ग्रामीणों, खासकर स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Uploaded Image

ग्रामीणों का कहना है कि हर दिन इसी रास्ते से बच्चे स्कूल जाते हैं और लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय पहुंचते हैं, लेकिन सड़क की खस्ता हालत के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर सड़क पर कीचड़ और गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं।

Uploaded Image

लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान यह समस्या आम थी, परंतु बारिश रुकने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग का शीघ्र सीसी रोड या डामरीकरण किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

 

मार्ग की बदहाली के चलते कई ग्रामीणों को अब लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है, अधिकांश बार मौके पर पहुंचकर लोगों को उल्टे पांव लौटना पड़ रहा है। वही कई लोगों को जोखिम लेते हुए न चाहते हुए भी कीचड़ से सराबोर होते हुए मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। जहां पहले पांच मिनट में जिला मुख्यालय पहुंचा जा सकता था, वहीं अब आधे घंटे से अधिक का समय लग रहा है। इससे ग्रामीणों को समय और धन दोनों की हानि हो रही है।

Uploaded Image

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस मार्ग का सुधार कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो वे सड़क सुधार की मांग को लेकर आंदोलन करने पर विवश होंगे।

Related Post