कोंडागांव, 5 दिसंबर 2025 | नारंगी नदी में घटते जलस्तर और जोंधरापदर स्टॉप डैम व खड़कघाट एनिकट में जल संरक्षण की अनदेखी पर प्रकाशित खबर का त्वरित असर देखने को मिला है। कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना की इस मामले पर संज्ञान लेते ही आज शुक्रवार को जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जोंधरापदर स्टॉप डैम में सभी गेटों पर शटर लगाकर जल संरक्षण की प्रक्रिया शुरू की।
स्थानीय लोगों द्वारा व्यक्त की गई चिंता और विभागीय लापरवाही पर उठाए गए सवालों के बाद विभाग ने आगे की कार्ययोजना भी स्पष्ट की है। अधिकारियों के अनुसार आगामी दिनों में स्टॉप डैम में पानी को संरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त तकनीकी कार्यवाही की जाएगी, जिसमें मरम्मत, सफाई, गाद निकासी और अन्य आवश्यक सुधार शामिल होंगे।

इसके साथ ही खड़कघाट एनीकट में भी जल संरक्षण को लेकर कई कदम उठाए जाएंगे, ताकि गर्मी के मौसम में नदी तट क्षेत्रों पर किसानों की रवि फसल की तैयारीया और कोंडागांव नगर को संभावित पेयजल संकट से बचाया जा सके।

स्थानीय नागरिकों ने विभाग की त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि समय रहते सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे नारंगी नदी का जलस्तर सुरक्षित रहे और गर्मी के दौरान जल आपूर्ति सुचारू बनी रहे।
