ताजमहल की तर्ज पर सजा विशाल ताजिया, खजुरिया में उमड़ेगी आस्था और श्रद्धा की भीड़
महाराजगंज। जनपद महाराजगंज के मिठौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत खजुरिया में इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार भव्य एवं आकर्षक ताजिया का निर्माण किया जा रहा है। ताजमहल की तर्ज पर तैयार हो रहा यह विशाल ताजिया क्षेत्र में श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कई दिनों से कारीगर और समिति के कार्यकर्ता इसके निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं।
ताजिया समिति के सदस्यों के अनुसार ताजिया निर्माण में लाखों रुपये की लागत आ रही है। मेले में बड़े झूले, विभिन्न प्रकार की दुकानें तथा विशेष रूप से मुरादाबादी खजला की दुकानें भी सजेंगी, जिससे मेले की रौनक और बढ़ेगी। आयोजन के दौरान हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मेले और ताजिया स्थल की 24 घंटे ड्रोन से निगरानी की जाएगी। समिति के कार्यकर्ता व्यवस्था संभालने में जुटे हैं। ताजिया और मेले का दीदार करने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
