बीजापुर मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा संपन्न – विधायक लता उसेंडी रहीं मुख्य अतिथि

कोंडागांव, 13 अगस्त 2025: कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र के बीजापुर मंडल के अंतर्गत तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का भव्य आयोजन आज बुधवार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री लता उसेंडी (विधायक, बस्तर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही तिरंगा यात्रा प्रभारी बाल कुमार प्रधान व चंदन साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ प्रातः 10.00 बजे ग्राम पंचायत अमरावती से हुआ, जहाँ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय जनता ने भारत माता की जयघोष और वंदे मातरम् के नारों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। यात्रा क्रमशः अनंतपुर, एरला, हीरापुर से होते हुए उड़ीदगांव में भव्य समापन के साथ समाप्त हुई।

 

कार्यक्रम के दौरान विधायक लता उसेंडी ने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि "तिरंगा हमारी अस्मिता, गर्व और बलिदान का प्रतीक है। यह यात्रा राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।" उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

 

तिरंगा यात्रा में बीजापुर मंडल के वरिष्ठ, ज्येष्ठ, श्रेष्ठ कार्यकर्ता, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंचगण सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे मार्ग पर लोगों ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और देशभक्ति के गीतों से वातावरण को भावविभोर कर दिया।

 

कार्यक्रम की सफलता के लिए भाजपा बीजापुर मंडल के सभी कार्यकर्ताओं ने समर्पित भाव से योगदान दिया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचा।

Related Post