विश्व आदिवासी मूलनिवासी दिवस पर भव्य आयोजन, युवाओं को शिक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान

विश्व आदिवासी मूलनिवासी दिवस पर भव्य आयोजन, युवाओं को शिक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान

झिरनापोंडी (नरौर) में रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम और उद्बोधन के साथ हुआ आयोजन

आशीष श्रीवास / गौरेला पेंड्रा मरवाही 

दिनांक 09 अगस्त 2026 को ग्राम झिरनापोंडी, ग्राम पंचायत नरौर, जनपद पंचायत मरवाही में ग्राम समिति नरौर एवं गोंडवाना समग्र विकास क्रांति आंदोलन के संयुक्त तत्वाधान में विश्व आदिवासी मूलनिवासी दिवस बड़े ही भव्य एवं गरिमामय रूप से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य रैली के साथ हुई, जिसके पश्चात फड़ापेन गोंगो की पारंपरिक विधि संपन्न की गई एवं अतिथियों का स्वागत किया गया।

Uploaded Image

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जनपद पंचायत मरवाही की अध्यक्ष श्रीमती जानकी कुशरों ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाकर उन्हें आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों पर पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि सावन सिंह टेकाम, वन सभापति जनपद पंचायत मरवाही एवं प्रदेश सचिव युवा मोर्चा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि व्यवस्था इतनी लचर हो गई है कि आम जनता को हर समय भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह दिवस समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का दिन है, न कि आपसी भ्रम और भटकाव में पड़ने का। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और समाजहित के कार्यों में लगाएं, ताकि समाज उनका आभार व्यक्त करे।

उन्होंने आगे कहा कि समाज पर हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है, ताकि अन्याय करने वालों में भय उत्पन्न हो। उन्होंने शासन-प्रशासन को पंगु, बहरा, काना और अंधा बताते हुए उसकी वर्तमान स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इस दोहरे और बहुरूपी रवैये से तंग आकर अब जनता आने वाले समय में जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने भ्रष्टाचार के खुलेआम फैलने और जीरो टॉलरेंस के नाम पर दिखावे की भी कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को इन स्थितियों को समझना होगा।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से इतवारा मरावी (प्रदेश उपाध्यक्ष), उदय सिंह मसराम (जिलाध्यक्ष), सावन सिंह टेकाम (वन सभापति एवं प्रदेश सचिव युवा मोर्चा), बाल सिंह पोट्टाम (जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा), लक्ष्मी मरकाम (जिलाध्यक्ष जीएसयू), दया सिंह मार्को (ब्लॉक अध्यक्ष गौरेला), हेमलता पोर्ते, धर्मेंद्र पोर्ते, राजू मरावी, विशाल पोर्ते, कमल कोराम एवं जीवन भैना सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत नरौर की सरपंच श्रीमती रीता देवी बघेल ने की। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में युवा एवं मातृ शक्तियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा।

Related Post