
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार से की मुलाकात, कहा—दुःख की इस घड़ी में पूरा जशपुर पुलिस परिवार आपके साथ
अवास कैवर्त/जशपुर छत्तीसगढ़
जशपुर, 23 सितंबर 2026। जशपुर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। खास बात यह रही कि दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के दिन डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं उनके गृह ग्राम पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद का नियुक्ति पत्र सौंपा।
बताया गया कि एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ आरक्षक देव नारायण सिंह की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें उपचार के लिए बालाजी हॉस्पिटल, रायपुर में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया।
स्वर्गीय देव नारायण सिंह की वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्ति हुई थी। सेवाकाल के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी तथा एसडीओपी कार्यालय जशपुर में अपनी सेवाएं दीं।
आरक्षक के निधन के बाद उनके परिवार की स्थिति को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अनुकंपा नियुक्ति की विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा कराया। इसी क्रम में 23 सितंबर को तेरहवीं के अवसर पर उन्होंने स्वयं परिवार के घर पहुंचकर नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
इस दौरान एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। किसी कर्मचारी के असमय निधन से परिवार पर आने वाली कठिनाइयों को समझते हुए पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि दुःख की इस घड़ी में जशपुर पुलिस उनके साथ है और भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या होने पर यथासंभव सहयोग एवं सहायता प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
