राजनांदगांव जिले की सभी 408 ग्राम पंचायतों में कल होगी ग्राम सभा

 

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने ग्रामीणों से की अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

राजनांदगांव। जिले की सभी 408 ग्राम पंचायतों में कल ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में गांव के विकास, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, हितग्राही चयन, अधोसंरचना विकास, सामाजिक एवं आर्थिक मुद्दों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने जिले के सभी ग्रामीणजनों, जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों से ग्राम सभा में उपस्थित होकर अपने गांव के विकास में सहभागी बनने का आवाहन किया है।उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है, जहां गांव के विकास की दिशा तय होती है। ग्रामीणों के सुझाव एवं सहभागिता से विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।श्रीमती वैष्णव ने कहा कि ग्राम सभा में लिए गए निर्णय गांव के भविष्य को आकार देते हैं,ग्राम सभा केवल एक बैठक नहीं, बल्कि गांव के विकास, पारदर्शिता और जनभागीदारी का सशक्त माध्यम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की उपस्थिति महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से समय पर पहुंचकर ग्राम सभा को सफल बनाने की अपील की है।

Related Post