जांजगीर-चांपा जिले के जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम अमोरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ने ग्राम धुरकोट निवासी मनोज कुमार सूर्यवंशी के चेहरे पर खुशी ला दी। राशन कार्ड बिना उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उन्हें नहीं मिल पा रहा था। सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में श्री मनोज कुमार सूर्यवंशी के आवेदन की त्वरित जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई और मौके पर ही उन्हें राशन कार्ड प्रदान किया गया। सूर्यवंशी ने कहा कि शासन-प्रशासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और त्वरित समाधान कर रहा है। उन्होंने सुशासन तिहार एवं जनसमस्या निवारण शिविर की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार आयोजित सुशासन तिहार 2026 जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी मंच बनकर उभर रहा है। शासन की मंशा के अनुरूप शिविरों में प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है, जिससे लोगों को त्वरित राहत और शासन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहा है तथा प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
