कोण्डागांव, 6 अक्टूबर 2025: शासन की ‘सुशासन त्यौहार’ पहल ने कोण्डागांव की श्रीमती लक्ष्मी बाई विश्वकर्मा के जीवन में नई रोशनी भर दी है। निरक्षर और आवासहीन लक्ष्मी बाई, जो वर्षों से पति के साथ फुटपाथ पर झिल्ली के नीचे जीवन गुजार रही थीं, अब न केवल सरकारी योजनाओं से जुड़ पाई हैं बल्कि उन्हें अपना पक्का घर भी मिल गया है।
लक्ष्मी बाई के पास न राशन कार्ड था, न पेंशन की सुविधा। उन्हें यह जानकारी भी नहीं थी कि इन योजनाओं का लाभ कैसे लिया जाए। सुशासन त्यौहार के दौरान नगर पालिका अधिकारी, अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, पार्षद श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, श्रीमती सोनामनी पोयम और श्रीमती सती बघेल ने स्वयं आगे आकर उनका आवेदन भरवाया और तत्काल उन्हें राशन कार्ड तथा पेंशन योजना का लाभ दिलाया।

जब यह जानकारी सामने आई कि लक्ष्मी बाई के पास रहने के लिए घर भी नहीं है, तो अधिकारियों ने तत्परता से उनका आवास योजना में फॉर्म भरवाया। परिणामस्वरूप, आज उन्हें गांधी वार्ड स्थित अटल आवास योजना के अंतर्गत अपना पक्का घर सौंपा गया।

इस दौरान उन्होंने शासन, नगर पालिका के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज उनका सपना सच हो गया।
सुशासन त्यौहार जैसी पहलें यह साबित करती हैं कि जब प्रशासन और जनप्रतिनिधि संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, तो व्यवस्था समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती है।
