रेल संरक्षा के पांच सजग प्रहरियों को महाप्रबंधक ने किया सम्मानित

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज मासिक संरक्षा संगोष्ठी के दौरान रेल संरक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच कर्मठ रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

ये सभी कर्मचारी अपनी सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते हैं, जिन्होंने समय रहते खतरों को पहचानकर न केवल संभावित हादसों को टाला, बल्कि यात्रियों और रेल संपत्ति की सुरक्षा भी सुनिश्चित की।

सम्मानित कर्मचारी एवं उनके योगदान–

1. मनोज कुमार सिंह – तिरोड़ा स्टेशन पर ओएचई कांटेक्ट वायर लटकने की सूचना देकर बड़ी दुर्घटना टाली।

2. बीरेन्द्र कुमार सिन्हा – मालगाड़ी के 19 वैगन के अलग होने की घटना को समय पर पहचानकर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया।

3. आकाश दास – भनवारटंक-खोडरी के बीच रेल फ्रैक्चर का पता लगाकर तत्काल सूचना दी, जिससे ट्रैक समय पर ठीक हुआ।

4. कोमल – गतौरा-बिलासपुर सेक्शन में रेल फ्रैक्चर देखकर तुरंत यात्री गाड़ी को रोका और सुरक्षित पास कराया।

5. प्रवीण कुमार – बाकल स्टेशन पर प्वाइंट क्रॉसिंग की टूटी पटरी की पहचान कर दुर्घटना रोकी।

 

महाप्रबंधक ने इन सभी को “रेल के सजग प्रहरी” बताते हुए कहा कि इनका समर्पण और सतर्कता पूरे रेलवे परिवार के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संरक्षित रेल परिचालन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर जोन के सभी विभागाध्यक्ष एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Post