छुरिया। छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम गैंदाटोला में पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी साहू के जन्मदिन पर लगाए गए बधाई फ्लेक्स को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। इस संबंध में नुन्हाटोला, कोलियारी एवं लूलीकसा सहित आसपास के विभिन्न ग्रामों के ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव को ज्ञापन सौंपकर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि 6 अप्रैल 2026 को पूर्व विधायक के जन्मदिन के अवसर पर उनके समर्थकों द्वारा ग्राम गैंदाटोला में बधाई फ्लेक्स लगाया गया था। आरोप है कि महेश गुप्ता (ग्राम पटेल), शिव निषाद, निरंजन साहू एवं उनके अन्य साथियों द्वारा फ्लेक्स हटाने को लेकर दबाव बनाया गया और भीड़ एकत्रित कर गाली-गलौज करते हुए पूर्व विधायक के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। इससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया है कि इस दौरान की गई टिप्पणियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे उन्होंने प्रमाण के रूप में प्रस्तुत किया है। उनका कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल सामाजिक सौहार्द बिगाड़ती हैं, बल्कि किसी महिला जनप्रतिनिधि की छवि को भी ठेस पहुंचाती हैं।
इस दौरान नुन्हाटोला, कोलियारी एवं लूली कसा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रधान आरक्षक मानव सोनकर पर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप?
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान मौके पर पहुंचे गैंदाटोला थाना के प्रधान आरक्षक मानव सोनकर ने अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे लोगों को शांत कराने और समझाइश देने के बजाय स्वयं धार्मिक नारे लगाने शुरू कर दिए, जिससे माहौल और अधिक खराब हो गया।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इन पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में भीड़ एकत्रित कर अशांति फैलाने या संगठित आपराधिक घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
