कोंडागांव, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोंडागांव में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह का फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल गुरुवार को विकासनगर स्टेडियम ग्राउंड में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई ने मुख्य अतिथि की भूमिका में ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया।
मुख्य समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी गतिविधियों का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। परेड में जिला पुलिस बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर, अर्द्धसैनिक बल, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति का अभ्यास किया। साथ ही विद्यार्थियों ने जूडो, कराटे, कुश्ती एवं बॉक्सिंग सहित आत्मरक्षा प्रशिक्षण का प्रदर्शन भी किया।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, पेयजल, जलपान सहित अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों में आवश्यक सुधार करने को भी कहा।

एसपी पंकज चंद्रा ने पार्किंग, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा अनुशासन बनाए रखते हुए समारोह को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीएम अजय उरांव, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, तहसीलदार मनोज रावटे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
