कोंडागांव, 13 मई 2025: तेज आंधी-तूफान के कारण अंधेरे में डूबा बोलबोला गांव अब फिर से रोशन हो उठा है। 5 मई को आए तूफान में पेड़ गिरने से गांव के कई बिजली खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। गांववासी 5 से 9 मई तक बिना बिजली के जीवन यापन करने को मजबूर थे।
विद्युत विभाग ने तत्परता दिखाते हुए लगातार काम किया और 10 मई तक गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बहाल कर दी गई। मंगलवार दोपहर 3 बजे विभाग की ओर से मीडिया को दी गई जानकारी के अनुसार, गांव में 24 नए बिजली खंभे लगाए गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति अब सुचारु रूप से चल रही है।
इस दौरान विद्युत विभाग ने गांव में चल रहे मरम्मत कार्य की कुछ तस्वीरें भी जारी की हैं। विभाग के इस सराहनीय कार्य से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और इसके लिए प्रशासन का आभार जताया है।
