कोण्डागांव अस्पताल वार्ड की वीआईपी गली में नाली संकट, घरों का गंदा पानी सड़कों पर

कोण्डागांव, 4 जनवरी 2026 | कोण्डागांव के अस्पताल वार्ड अंतर्गत चर्चित वीआईपी गली में आज भी बुनियादी सुविधा का अभाव लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है। नाली निर्माण नहीं होने के चलते रहवासियों के घरों का गंदा पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है, जिससे आए दिन गंदगी और जलभराव की स्थिति बन रही है।

Uploaded Image

बताया जा रहा है कि यह वही गली है जहां से दो-दो बार कांग्रेस और भाजपा के मंत्री रह चुके हैं, साथ ही सांसद स्तर के जनप्रतिनिधि भी यहां निवास कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक सड़क के दोनों ओर पक्की नाली का निर्माण नगरपालिका द्वारा नहीं कराया गया है।

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले यहां नालियां बनी थीं, लेकिन कुछ रसूखदार लोगों द्वारा अपने घरों के आंगन को सड़क तक बढ़ा देने के कारण नालियों को बंद करना पड़ा। इसका खामियाजा आज पूरे मोहल्ले को भुगतना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब पानी सड़कों पर बहने लगता है और आवागमन में भारी दिक्कत होती है।

 

पीड़ित परिवारों का कहना है कि यदि नगरपालिका सड़क के दोनों ओर पक्की नाली का निर्माण करा दे, तो न केवल घरों का गंदा पानी आसानी से निकलेगा, बल्कि बारिश के मौसम में जलभराव से भी राहत मिलेगी। लोगों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

Related Post