जिला कलेक्टर ने किया उद्योग कार्यालय और पंचायत समिति प्रतापगढ़ का निरीक्षण
प्रतापगढ़, गुरुवार। जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने गुरुवार को जिला उद्योग कार्यालय एवं पंचायत समिति कार्यालय का निरीक्षण किया। जिला उद्योग कार्यालय में निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न दस्तावेजों, अभिलेखों एवं प्रकरणों का अवलोकन किया और सभी रिकॉर्ड समय पर अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य मानक अनुरूप संपादित किए जाएं। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर जिला उद्योग अधिकारी मंजू माली उपस्थित रहीं।
पंचायत समिति कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने आमजन को योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पेयजल एवं सामाजिक सुरक्षा जैसी आधारभूत सेवाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए ताकि ग्रामीणों को समय पर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति, शौचालयों एवं परिसर की स्वच्छता का भी अवलोकन किया और कहा कि सभी परिसर में स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करें।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, शिकायतों के त्वरित समाधान पर ध्यान दिया जाए तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में अनुशासन, समयबद्ध कार्य और बेहतर सेवा प्रदायगी सुनिश्चित कर आमजन के हितों को सर्वोपरि रखा जाए।
