रायगढ़- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की महत्वाकांक्षी “श्री रामलला दर्शन योजना” के तहत रायगढ़ जिले के श्रद्धालुओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में आज जिले से 112 श्रद्धालुओं का 11वां जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। यह जत्था बिलासपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन द्वारा श्रीराम नगरी अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगा, जहाँ सभी श्रद्धालुओं को भगवान श्रीरामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा।
इस तीर्थयात्रा दल में शहरी क्षेत्रों से 30 एवं ग्रामीण अंचलों से 82 श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रियों के लिए शासन द्वारा संपूर्ण व्यवस्थाएँ की गई हैं — जिसमें यात्रा से पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण, भोजन-पानी की व्यवस्था, आवास तथा आवागमन की सुविधा शामिल है। जिला प्रशासन के अधिकारियों की देखरेख में सभी श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।
योजना का उद्देश्य प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों और आस्थावान श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करना है, जिससे उनमें आध्यात्मिकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ावा मिल सके।
श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति इस जनकल्याणकारी पहल के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि सरकार की इस योजना ने उन्हें वह अवसर दिया है जिसकी उन्होंने केवल कल्पना की थी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव साबित होगी।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार नियमित अंतराल पर जिले से श्रद्धालुओं के जत्थे अयोध्या प्रस्थान करेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस “श्री रामलला दर्शन योजना” का लाभ मिल सके।
