कलेक्टर की अध्यक्षता में शिक्षा से सम्बद्ध विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक संपन्न

 

 

बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार और शासकीय योजनाओं के शत-प्रतिशत समयबद्ध वितरण के दिए निर्देश

 

धार कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आज जनजातीय कार्य, शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केन्द्र, डाइट (DIET), पॉलिटेक्निक, आईआईटी (IIT) तथा महाविद्यालय उच्च शिक्षा विभाग के संबंधित जिला अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्टर सभाकक्ष धार में किया गया।

बैठक में जिले के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि इस वर्ष जिला धार के बोर्ड परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है, जिसके तहत कक्षा 10वीं के गत वर्ष के 76.35 प्रतिशत परिणाम में इस वर्ष 05.04 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, वहीं कक्षा 12वीं के गत वर्ष के 71.78 प्रतिशत परीक्षा परिणाम में इस वर्ष 8.43 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कलेक्टर ने इस सुधार पर संतोष व्यक्त करते हुए आगामी बोर्ड परीक्षाओं में परीक्षा परिणाम को और अधिक बढ़ाने, जिले में मेधावी विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि करने का लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करने के कड़े निर्देश दिए।

कलेक्टर ने छात्र हितैषी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी धार को निर्देशित किया कि शासन की मंशानुसार निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और निःशुल्क सायकिलों का लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए, साथ ही विद्यार्थियों की सभी प्रकार की छात्रवृत्तियों का पात्रता अनुसार समय पर वितरण कराया जाए। बैठक में अवगत कराया गया कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिले में 13 बालिका छात्रावास संचालित हैं और प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर एक मॉडल स्कूल तथा विकासखण्ड बदनावर मुख्यालय पर बालक व बालिका मॉडल छात्रावास का सुचारू संचालन किया जा रहा है।

जनजातीय कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के 12 विकासखण्डों में संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जिले के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक संवर्ग के स्वीकृत, भरे व रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त, जिले के 05 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों (EMRS) के कक्षा 10वीं एवं 12वीं (CBSE पाठ्यक्रम) के परीक्षा परिणामों सहित पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति, राज्य छात्रवृत्ति वितरण और अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को आवास सहायता प्रदाय करने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के अंत में सिविल सेवा प्रोत्साहन, महर्षि वाल्मीकि, प्रतिभा प्रोत्साहन, विद्यार्थी कल्याण, अन्तर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण योजना तथा जिला शिक्षा केन्द्र, डाइट व पॉलिटेक्निक धार की विभिन्न विकास योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में जिसमें सहायक कलेक्टर सुश्री आशी शर्मा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे ।

Related Post