कोंडागांव, 4 जुलाई 2026 | जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय कोंडागांव एवं जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा ने प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनके मूल संस्थानों में वापस भेजने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के निर्देश एवं 1 जुलाई 2026 को स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णय के पालन में की गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान द्वारा शनिवार को जारी आदेश के अनुसार विकासखंड शिक्षा कार्यालयों में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मध्यान्ह भोजन प्रभारी सहित विभिन्न पदों पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थापना वाले विद्यालयों में वापस भेजा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कर्मचारी तत्काल प्रभाव से अपने मूल संस्थान में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

इसी प्रकार जिला परियोजना कार्यालय (समग्र शिक्षा) कोंडागांव द्वारा भी सहायक जिला परियोजना अधिकारी, सहायक कार्यक्रम समन्वयक, विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी), सहित विभिन्न पदों पर प्रतिनियुक्त 14 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यमुक्त करते हुए उनके मूल विद्यालयों एवं संस्थानों में लौटने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार यह निर्णय शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रतिनियुक्ति व्यवस्था समाप्त कर मूल पदस्थापना में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं संस्था प्रमुखों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
