कोंडागांव, 11 जुलाई 2026 | जिले के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शाखा अंतर्गत संचालित आश्रम-छात्रावासों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शुक्रवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर जिला मुख्यालय स्थित सहायक आयुक्त कार्यालय पहुंचे। धनोरा क्षेत्र के आश्रम-छात्रावास में कार्यरत वंदना यादव सहित अन्य कर्मचारियों ने बताया कि वे नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पिछले तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि श्रम सम्मान निधि की राशि 8 मई 2026 को प्राप्त हो चुकी है, इसके बावजूद उन्हें इसका लाभ नहीं मिल रहा है। वेतन और श्रम सम्मान निधि का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों व उनके परिवारों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने सहायक आयुक्त को आवेदन सौंपकर लंबित वेतन एवं श्रम सम्मान निधि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।
कोंडागांव में आश्रम-छात्रावास के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को 3 माह से वेतन नहीं, श्रम सम्मान निधि भुगतान की भी मांग
