घुपसाल (छु) पंचायत में मेट चयन पर विवाद, नियमों की अनदेखी कर काम शुरू होने के आरोप

 

छुरिया। जनपद पंचायत छुरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत घुपसाल (छु) में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत मेट चयन को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पंचायत में पुराने मेट को हटाकर कुछ पंचों द्वारा अपने पसंदीदा लोगों को मेट बनाए जाने की चर्चा है।

जानकारी के मुताबिक, मनरेगा योजना में मेट चयन के लिए नियमानुसार ग्राम पंचायत में मुनादी कर आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं और प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन किया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि घुपसाल पंचायत में नियमानुसार मुनादी और आवेदन प्रक्रिया पूरी किए बिना ही नए मेट तय कर दिए गए और रोजगार गारंटी के कार्य शुरू करा दिए गए।

सूत्रों के अनुसार पंचायत में इस संबंध में कोई विधिवत प्रस्ताव पारित नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रस्ताव पारित होता, तो पंचायत स्तर पर मुनादी और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी सार्वजनिक होती। ऐसे में बिना चयन प्रक्रिया के काम शुरू होना सवालों के घेरे में है।

बताया जा रहा है कि वर्तमान में पंचायत क्षेत्र में रोजगार गारंटी योजना के कार्य संचालित हो रहे हैं, जबकि मेट की नियुक्ति को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है। इस मामले में रोजगार सहायक पर मनमानी तरीके से कार्य संचालन कराने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।

वहीं ग्राम पंचायत घुपसाल(छु) के सरपंच श्रीमती सावित्री बाई मंडावी ने इस मामले में कहा कि उन्होंने पंचों से पुराने मेट को फिलहाल बनाए रखने की बात कही थी, लेकिन पंचायत बैठक में पंचों ने उनकी बात नहीं मानी। सरपंच का आरोप है कि कुछ पंच अपनी मनमर्जी से निर्णय लेने की कोशिश कर रहे हैं।

इधर ग्राम पंचायत घुपसाल(छु) के सचिव बिहारी लाल साहू ने बताया कि मामले की शिकायत उनके पास आई है। सचिव के अनुसार उन्होंने पहले ही स्पष्ट किया था कि यदि नया मेट चयन करना होगा तो विधिवत मुनादी कर आवेदन लिए जाएंगे और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चयन किया जाएगा। तकनीकी सहायक की उपस्थिति में नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि पंचायत में मेट चयन की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो रोजगार गारंटी योजना के कार्य किसके जिम्मे संचालित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की है।

Related Post