कोंडागांव/बड़ेराजपुर, 17 जुलाई। विकासखंड बड़ेराजपुर अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरवेल में राज्य शासन की सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की नवप्रवेशी छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत हरवेल के सरपंच महेश नेताम ने मुख्य अतिथि के रूप में छात्राओं को साइकिल की चाबी सौंपते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्राचार्य शंभूराम सूर्यवंशी ने बताया कि योजना का उद्देश्य दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना है। साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, आवागमन की कठिनाइयाँ कम होंगी और उनकी नियमित उपस्थिति के साथ शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ व्याख्याता जयराम मरकाम, रामसाय नाग, लोकेश्वर दास बारले सहित विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, छात्राएँ एवं अभिभावक उपस्थित रहे। छात्राओं ने राज्य शासन की इस जनकल्याणकारी योजना के प्रति खुशी व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
