नगर कांग्रेस अरनोद ने सौंपा ज्ञापन
“त्योहार से पहले जनता को राहत मिले — सड़क का तुरंत हो पेचवर्क”
अरनोद।
नगर कांग्रेस कमेटी अरनोद की ओर से सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग अरनोद को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रतापगढ़ रतलाम मार्ग पर स्थित अरनोद के बड़ौदा बैंक से एचपी गैस एजेंसी तक की सड़क को तत्काल ठीक कराने की मांग की गई है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार व्यास ने बताया कि यह मार्ग अरनोद का मुख्य वाणिज्यिक रास्ता है, जहाँ से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि जगह-जगह बने गड्ढों के कारण राहगीर और वाहन चालकों को गंभीर परेशानी और दुर्घटनाओं का ख़तरा बना हुआ है।
व्यास ने कहा कि विभाग द्वारा पहले जो गिट्टी डाली गई थी, वह अब पूरी तरह उड़ चुकी है। इससे धूल उड़ने और हादसे बढ़ने का डर है।
दीपावली का पर्व नज़दीक है, बाज़ारों में भीड़ बढ़ रही है, ऐसे में इस सड़क की दुर्दशा से जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
नगर कांग्रेस ने मांग की है कि तुरंत प्रभाव से सड़क का पेचवर्क या डामरीकरण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि त्योहार से पहले आवागमन सुगम हो और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
