मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: शिवरीनारायण में 23 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत शिवरीनारायण में सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जहां 23 जोड़ों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। समारोह सत्संग भवन में आयोजित हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में परियोजना नवागढ़ और परियोजना जांजगीर के कुल 23 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इनमें 22 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से जबकि 1 जोड़े का निकाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ।

समारोह में पूरे पारंपरिक माहौल के बीच विवाह की सभी रस्में पूरी कराई गईं। विवाह उपरांत सभी नवदंपतियों को विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। शासन की इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक और व्यवस्थित वैवाहिक आयोजन का लाभ मिला।

कार्यक्रम में विधायक पामगढ़ शेषराज हरबंश, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यालता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुमारी साहू, नेहा साहू, राजेश्री महंत डॉ. रामसुंदर दास, नगर पंचायत शिवरीनारायण अध्यक्ष राहुल थवाईत, उपाध्यक्ष सरस्वती साहू और मयंक परमहंस सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, सफल और समृद्ध दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

Related Post