सीडीईओ ने किया खेलकूद प्रतियोगिता का निरीक्षण, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
प्रतापगढ़। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार तेतरवाल ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कचोटिया में चल रही 69वीं जिला स्तरीय 17 व 19 वर्ष छात्र-छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता का आकस्मिक निरीक्षण किया। प्रतियोगिता में हैंडबॉल, कुश्ती एवं योगासन जैसे खेल शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान सीडीईओ तेतरवाल ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि "स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है।" खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी हैं, बल्कि सांस्कृतिक समन्वय और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर शिक्षक संघ राष्ट्रीय के जिला अध्यक्ष देवीलाल मीणा, शारीरिक शिक्षक संघ जिला अध्यक्ष इंद्रमल मीणा, मुख्य निर्णायक दिलीप कुमार सोलंकी, विद्यालय स्टाफ एवं सभी खिलाड़ी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता संयोजक प्रधानाचार्य गणेश लाल मीणा ने इस संबंध में जानकारी दी।
