कोण्डागांव, 25 अप्रैल 2026 | जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर घोड़ागांव स्थित चिलबहार नाला के पास शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जगदलपुर जा रही दुबे ट्रेवल्स की सवारी बस (सीजी 04 EA 4882) अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में बस चालक सहित तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में ड्राइवर रोशन साहू, यात्री अशद और नवीन शामिल हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल कोण्डागांव में जारी है।
बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना में एक यात्री नवीन का हाथ कटकर अलग हो गया, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नवीन के दिल्ली निवासी होने की संभावना जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस के सामने अचानक किसी जानवर के आ जाने से चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई। हालांकि, पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
