ओवरलोडिंग की आड़ में कोयला चोरी का बड़ा खेल बेनकाब, 6 आरोपी गिरफ्तार

Anp News Live, Korba जिले के थाना दीपका क्षेत्र में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। ओवरलोडिंग की आड़ में अवैध रूप से कोयला परिवहन कर रहे इस गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से भारी मात्रा में कोयला और वाहन भी जब्त किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 की रात थाना दीपका पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दीपका खदान से तीन ट्रेलरों में चोरी का कोयला ओवरलोड कर बिलासपुर की ओर भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिरकी मोड़, दीपका के पास घेराबंदी कर तीनों ट्रेलरों को पकड़ लिया।

जांच के दौरान पाया गया कि ट्रेलरों में कुल 57 टन चोरी का कोयला अवैध रूप से लदा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने थाना दीपका में अपराध क्रमांक 168/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कोयला लोडिंग कराने वाले, ट्रांसपोर्टर, खरीदार और वाहन चालक शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रौनक गुप्ता, सरफराज खान उर्फ पम्मी, मुकेश चौधरी, सुजीत सिंह, मुबारक खान और अर्जुन बंसल शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 215 टन कोयला जब्त किया है। इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त 3 ट्रेलर (CG 10 BX 0792, CG 10 BX 8288, CG 10 BY 8288) और 1 पेलोडर (CG 07 CS 2199) को भी जब्त कर लिया गया है।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जिन-जिन लोगों की इस अवैध कारोबार में संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Post