कोंडागांव, 16 जुलाई। कोंडागांव पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मारुति स्विफ्ट कार से 32 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब, कार, मोबाइल और नकदी सहित कुल 5,24,520 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा तथा एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-30 स्थित चिखलपुटी बायपास तिराहे पर नाकेबंदी की। इस दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रही ग्रे रंग की मारुति स्विफ्ट (CG 09 JA 1140) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार से गोवा व्हिस्की की 32 पेटी, कुल 285.284 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 2,14,380 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेन्द्र निषाद (23 वर्ष) एवं राहुल राजभर (26 वर्ष), दोनों निवासी कुरूद कोहका, जामुल (जिला दुर्ग) के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब के अलावा स्विफ्ट कार, दो मोबाइल और नकदी जब्त की है।
आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाना कोंडागांव में अपराध क्रमांक 222/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सहायक उपनिरीक्षक पिताम्बर कठार तथा थाना और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
