अरनोद को मिली करोड़ों की सौगात: सामुदायिक चिकित्सालय भवन का लोकार्पण, बाईपास निर्माण की घोषणा
अरनोद।
अरनोद क्षेत्र को स्वास्थ्य और यातायात सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक हेमंत मीणा ने अरनोद में नवनिर्मित सामुदायिक चिकित्सालय (CHC) भवन का लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह धोलागढ़ पीठ के महंत योगी प्रकाशनाथ महाराज के करकमलों द्वारा फीता काटकर संपन्न हुआ। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सर्वसुविधायुक्त चिकित्सालय से मजबूत होगी स्वास्थ्य व्यवस्था
नव निर्मित सामुदायिक चिकित्सालय भवन को आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त बनाया गया है। इस भवन के शुरू होने से अरनोद सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
PHC को CHC में क्रमोन्नत करने पर जोर
लोकार्पण समारोह में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भिमराज मीणा ने चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अरनोद एवं दलोट क्षेत्र में शेष प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा है कि निर्धारित किलोमीटर दायरे में आने वाले प्रत्येक ग्रामवासी को समय पर और प्रभावी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मंत्री हेमंत मीणा की बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए स्वास्थ्य, सड़क, यातायात और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
अरनोद बाईपास की घोषणा
मंत्री मीणा ने अरनोद कस्बे की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या को गंभीर बताते हुए अरनोद बाईपास निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाईपास निर्माण की योजना पर कार्य प्रगति पर है, जिससे कस्बे में यातायात का दबाव कम होगा और आमजन को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
‘रात्री यात्रा’ से जनता की समस्याओं की सीधी मॉनिटरिंग
मंत्री मीणा ने बताया कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक विशेष “रात्री यात्रा” आयोजित की जाएगी। इस दौरान आमजन अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं सीधे दर्ज करवा सकेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं की सीधी मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री स्तर पर की जाएगी, जिससे उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।
प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
कार्यक्रम में धोलागढ़ पीठ के महंत योगी प्रकाशनाथ महाराज, जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, जिला महामंत्री रवि जोशी, नरेंद्र गिरी गोस्वामी, विधायक प्रतिनिधि रितेश सोमानी, वर्दीचंद धाकड़, मंडल अध्यक्ष उत्सव जैन, जीवन आंजना, प्रहलाद गुर्जर, पूर्व जिला परिषद सदस्य दलपत मीणा, जिला मीडिया प्रभारी गोपाल धाभाई, कोषाध्यक्ष मनीष कोठारी, हार्दिक छोरिया सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा, वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
अरनोद में सामुदायिक चिकित्सालय भवन का लोकार्पण और बाईपास निर्माण की घोषणा क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
