ANP News DMF भर्ती प्रक्रिया, मध्यान्ह भोजन और SMC बैठक को लेकर गंभीर शिकायत; कार्रवाई की मांग

Anp News live korba पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत सिरकीखुर्द में स्कूल भर्ती प्रक्रिया और स्कूल प्रबंधन को लेकर विवाद सामने आया है। ग्राम पंचायत की उपसरपंच एवं स्थायी शिक्षा समिति की अध्यक्ष कमलेश्वरी दिव्या ने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर शासकीय कन्या आश्रम एवं माध्यमिक शाला गांधीनगर के प्रधान पाठकों पर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता, जानकारी छिपाने तथा जातिगत भेदभाव सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत के अनुसार, जिला प्रशासन के निर्देशानुसार DMF मद से भृत्य (चपरासी) पदों पर भर्ती होनी थी, लेकिन इसकी जानकारी समय पर सार्वजनिक नहीं की गई। आरोप है कि न तो मुनादी कराई गई और न ही सूचना नोटिस बोर्ड पर लगाई गई, जिससे कई योग्य ग्रामीण आवेदन करने से वंचित रह गए। अंतिम तिथि के बाद जानकारी मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Uploaded Image

उपसरपंच ने यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व माध्यमिक शाला सिरकीखुर्द में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली अनुसूचित जाति की महिला को जातिगत भेदभाव के चलते कार्य से हटा दिया गया। शिकायत में संबंधित प्रधान पाठक पर मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया गया है।

30 जून 2026 को आयोजित स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) की बैठक को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि नियमित अध्यक्ष की अनुपस्थिति में नियमों के विपरीत दूसरे व्यक्ति को अध्यक्ष बनाया गया। बैठक के दौरान भर्ती प्रक्रिया और बच्चों की शिक्षा से जुड़े सवाल पूछने पर जानकारी देने से इनकार किया गया तथा कुछ ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता कमलेश्वरी दिव्या ने कलेक्टर से दोषी अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई, भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर पारदर्शी तरीके से पुनः आवेदन आमंत्रित करने तथा स्कूल समितियों और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में सभी वर्गों की महिलाओं को समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग की है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामले से जुड़े कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिन्हें जांच के दौरान जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा।

नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या संबंधित पक्ष का जवाब अभी प्राप्त नहीं हुआ है। प्रशासनिक जांच के बाद ही तथ्यों की अंतिम पुष्टि होगी।

Related Post