Anp News Live Korba भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने कार्यस्थल पर समानता, विविधता और समावेशी वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक माह तक विशेष ‘प्राइड मंथ’ अभियान चलाया। इस अभियान में 2,000 से अधिक कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों और स्थानीय समुदाय के लोगों ने भाग लेकर समावेशी समाज के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
अभियान के दौरान जागरूकता सत्र, कर्मचारी सहभागिता कार्यक्रम, क्विज़, प्रेरक अनुभव साझा करने के सत्र, वित्तीय साक्षरता कार्यशालाएं, प्रतियोगिताएं और प्राइड मार्च जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों का उद्देश्य विविध समुदायों के प्रति सम्मान, सहयोग और समान अवसर की भावना को मजबूत करना था।
ट्रांसजेंडर कर्मचारियों के लिए विशेष सुविधाएं
बालको ने ट्रांसजेंडर कर्मचारियों के लिए कई विशेष नीतियां लागू की हैं। कंपनी उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पात्र कर्मचारियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है। वहीं जेंडर रिफर्मेशन से जुड़ी आवश्यकताओं के लिए वित्तीय सहयोग और सवेतन अवकाश जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं। अब तक कई कर्मचारी इन योजनाओं का लाभ उठा चुके हैं।
'हर कर्मचारी को मिले समान अवसर'
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि कंपनी विविधता को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती है। उनका कहना है कि ऐसा कार्यस्थल तैयार करना लक्ष्य है, जहां हर व्यक्ति सम्मान, समान अवसर और अपनत्व के साथ आगे बढ़ सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कंपनी में ट्रांसजेंडर कर्मचारी विभिन्न तकनीकी और संचालन संबंधी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं तथा भविष्य में उनकी भागीदारी और बढ़ाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
प्रेरक अनुभव भी हुए साझा
अभियान के दौरान कंपनी के ट्रांसजेंडर कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें न केवल रोजगार के अवसर मिले, बल्कि उच्च शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भर बनने के लिए भी निरंतर प्रोत्साहन प्राप्त हुआ। इससे उनके आत्मविश्वास और पेशेवर विकास को नई दिशा मिली।
प्राइड मार्च से दिया समानता का संदेश
अभियान के तहत आयोजित प्राइड मार्च में कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों और स्थानीय समुदाय के लोगों ने भाग लेकर समानता, सम्मान और सामाजिक समावेशन का संदेश दिया। साथ ही वित्तीय जागरूकता कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता के प्रति भी जागरूक किया गया।
बालको का कहना है कि कंपनी भविष्य में भी समावेशी कार्यसंस्कृति को मजबूत करने, समान अवसर उपलब्ध कराने और विविधता को प्रोत्साहित करने की दिशा में ऐसे प्रयास लगातार जारी रखेगी।
