Anp News live Korba थाना दीपका क्षेत्र में कोयला गिराने की पुरानी रंजिश को लेकर हुए मारपीट मामले में कोरबा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कटघोरा जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही दोनों आरोपियों को नौकरी से भी निकाल दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना दीपका में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 296, 351(3), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। घटना 22 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है।
प्रार्थी राहुल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ड्यूटी समाप्त कर घर लौटने के दौरान क्रांति दुकान के पास आरोपी राहुल सिंह और चन्दन सिंह अपने अन्य साथियों के साथ कार में पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर उसे रास्ते में गिराकर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना में घायल प्रार्थी ने इलाज कराने के बाद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा जोड़ते हुए आरोपी चन्दन सिंह और राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर कटघोरा जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।
