Anp News रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, औचक कार्रवाई में मशीन और 3 ट्रैक्टर जब्त

Anp News Live Korba जिले में रेत उत्खनन पर लगाए गए मौसमी प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुए कई रेत घाटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर एक चौन माउंटेन मशीन और तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित दो खनिज उड़नदस्ता दलों ने जोगीपाली, तरदा, कुदुरमाल, कटबितला, भैंसामुड़ा, गितारी, बगदर, चिचोली, भिलाई खुर्द, चुईया, कछार, घमोटा, धवईपुर, चारपारा तथा कुदमुरा सहित विभिन्न वैध रेत घाटों का निरीक्षण किया।

Uploaded Image

निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालकों को 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदियों से रेत नहीं निकालने के निर्देश दिए गए। कुदमुरा रेत घाट में प्रतिबंध के बावजूद चौन माउंटेन मशीन से उत्खनन करते पाए जाने पर मशीन को जब्त कर सील कर दिया गया।

वहीं भिलाई खुर्द क्षेत्र में ईंटों का अवैध परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को सिटी कोतवाली थाना में जमा कराया गया। इसके अलावा डिंगापुर में ईंट और मिट्टी का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए गए दो ट्रैक्टरों को जब्त कर रामपुर थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य वर्षा ऋतु के दौरान नदियों से रेत उत्खनन पर रोक सुनिश्चित करना, अवैध खनन पर नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासकीय राजस्व की हानि रोकना है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Post