Anp प्रधानमंत्री आवास योजना से मिली नई पहचान, कच्चे घर से पक्के आशियाने तक पहुंची खुशियां

कोरबा, 12 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में चल रहा “सुशासन तिहार 2026” अब लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव का माध्यम बनता जा रहा है। शासन की योजनाएं अब सिर्फ फाइलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों के सपनों को साकार कर रही हैं। जनसमस्या निवारण शिविरों के जरिए आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सीधे उनके घर तक पहुंचाया जा रहा है।

Uploaded Image

इसी कड़ी में जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम चुइया निवासी विमला बाई के जीवन में भी सुशासन तिहार नई उम्मीद और खुशियां लेकर आया। वर्षों तक कच्चे मकान में कठिन परिस्थितियों के बीच जीवन गुजारने वाली विमला बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अब पक्का मकान मिल गया है। उनका कहना है कि यह घर सिर्फ ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं, बल्कि उनके परिवार के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत है।

 

बरसात में टपकती थी छत, गर्मी में बढ़ जाती थी परेशानी

 

विमला बाई ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी के बीच कच्चे मकान में रह रहा था। बरसात के मौसम में छत से लगातार पानी टपकता था, जिससे घर के भीतर रहना मुश्किल हो जाता था। कई बार रातभर जागकर पानी निकालना पड़ता था। गर्मियों में मिट्टी का मकान अत्यधिक गर्म हो जाता था, वहीं आंधी और तेज बारिश के समय घर गिरने का डर हमेशा बना रहता था।

उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि वे स्वयं पक्का मकान बना पाते। पति श्री प्यारेलाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दो बेटों और घर की जिम्मेदारियों के बीच पक्का घर बनाना केवल सपना बनकर रह गया था।

 

प्रधानमंत्री आवास योजना बनी उम्मीद की किरण

Uploaded Image

विमला बाई को जब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने की जानकारी मिली, तब परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शासन से मिली सहायता राशि और अपनी छोटी-छोटी बचत को जोड़कर उन्होंने अपने सपनों का घर तैयार किया। लगभग दो से तीन महीने पहले ही उनका नया पक्का मकान बनकर तैयार हुआ है।

 

अब परिवार सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण में रह रहा है। पक्के घर में रहने से बच्चों को भी बेहतर माहौल मिला है और परिवार के जीवन में आत्मविश्वास बढ़ा है। विमला बाई कहती हैं कि अब बारिश का डर नहीं सताता और परिवार चैन की नींद सो पाता है।

 

जनसमस्या निवारण शिविर में सौंपी गई आवास की चाबी

 

ग्राम चुइया में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान विमला बाई को औपचारिक रूप से उनके नए घर की चाबी सौंपी गई। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे, जिन्होंने शासन की इस पहल की सराहना की।

 

सुशासन तिहार बन रहा जनविश्वास का प्रतीक

Uploaded Image

प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार 2026 अब लोगों के बीच भरोसे और संवेदनशील प्रशासन की नई पहचान बनता जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे शासन और जनता के बीच दूरी कम हुई है तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पा रहा है।

Related Post