अधूरे कार्यों से ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अंबेडकर चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
अरनोद। ग्राम पंचायत क्षेत्र में अधूरे और घटिया कार्यों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत द्वारा विभिन्न विकास कार्यों की राशि उठाने के बावजूद कई कार्य मौके पर किए ही नहीं गए, जबकि कुछ कार्य आधे-अधूरे छोड़ दिए गए।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत से नगर पालिका बने हुए छह माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पंचायत के खाते से विभिन्न मदों के पैसे निकालकर आनन-फानन में खर्च दिखा दिए गए। कई कार्य तो केवल कागजों में ही पूरे कर लिए गए, जबकि वास्तविकता में धरातल पर कुछ भी नहीं हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि जिन कार्यों को जल्दबाजी में किया गया, उनकी गुणवत्ता इतनी खराब रही कि एक ही बरसात में सबकी पोल खुल गई। इन अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसी के विरोध में ग्रामीणों ने अंबेडकर चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। इससे पहले ग्रामीणों ने जिला कलक्टर के नाम उपखंड अधिकारी योगेश सिंह देवल को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
