अरनोद में गंदगी पर फूटा आक्रोश, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, उपखंड कार्यालय के सामने की जमकर नारेबाजी
अरनोद शहर की बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर सोमवार को नगरवासी और व्यापारी बड़ी संख्या में उपखंड कार्यालय पहुंचे। यहां सभी ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान उपखंड कार्यालय परिसर गूंज उठा, जब आक्रोशित नागरिकों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रकट किया।
ज्ञापन में कहा गया कि नगर पालिका बनने के बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था ठप है। कचरे के ढेर और मच्छरों की भरमार से महामारी फैलने का खतरा है। सफाईकर्मी कई महीनों से वेतन न मिलने की वजह से काम करने से मना कर चुके हैं।
शहरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले दो दिन में सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई और कर्मचारियों का बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो अरनोद बंद और चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
धरनास्थल पर जुटे नागरिकों ने कहा कि अब धैर्य जवाब दे चुका है। अगर प्रशासन ने तत्काल कदम नहीं उठाए, तो उग्र आंदोलन होगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
