30 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित होगा अमृता हाट
आयोजन को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित
प्रतापगढ़, 13 जनवरी। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित अमृता हाट के आयोजन को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं एडीजे ने की।
बैठक में जिला कलक्टर ने अमृता हाट के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृता हाट के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय का बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
बैठक में आयोजन स्थल, स्टॉल व्यवस्था, बिजली-पानी, स्वच्छता, सुरक्षा, प्रचार-प्रसार एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने महिला अधिकारिता विभाग को स्वयं सहायता समूहों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने तथा हाट के प्रचार-प्रसार हेतु व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने एवं आयोजन को जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक नेहा माथुर , जिला उद्योग अधिकारी मंजू माली, नगर परिषद, पुलिस विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
