रायगढ़/श्री रामलला दर्शन योजना’ के अंतर्गत रायगढ़ जिले से 112 श्रद्धालुओं का 16वां जत्था भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। जिला पंचायत परिसर से श्रद्धालुओं को बसों द्वारा बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया, जहां से वे विशेष ट्रेन के माध्यम से अयोध्या के लिए प्रस्थान किए।
यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं के जय श्रीराम के नारों से परिसर गूंज उठा। वर्षों से रामलला के दर्शन की इच्छा संजोए श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी, उत्साह और भावुकता साफ दिखाई दी। परिजन भी अपने प्रियजनों को नम आंखों से विदा करते नजर आए।
यात्रा दल में कुल 112 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 84 ग्रामीण एवं 28 शहरी क्षेत्र के श्रद्धालु हैं। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार की इस पहल ने उन लोगों का सपना साकार किया है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से कभी अयोध्या नहीं जा सके थे।
एक बुजुर्ग श्रद्धालु ने कहा कि जीवन के इस पड़ाव में प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिलना किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। वहीं एक महिला श्रद्धालु ने भावुक होकर कहा कि बचपन से रामायण में अयोध्या के बारे में सुनते आए थे, लेकिन स्वयं वहां जाने का अवसर मिलेगा, यह कभी नहीं सोचा था।
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा भोजन, पेयजल, चिकित्सा और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। यात्रा के दौरान सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भी जत्थे के साथ भेजी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा के सुरक्षित एवं सफल होने की कामना की।
