बयानार में 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न, ग्रामीण युवाओं को मिला आत्मनिर्भरता का मंत्र

कोंडागांव, 06 नवम्बर 2025। ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) जगदलपुर द्वारा आयोजित 30 दिवसीय ऑफ कैंपस राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन ग्राम पंचायत बयानार, विकासखंड कोंडागांव में हुआ।

Uploaded Image

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम बयानार एवं आसपास के क्षेत्रों के कई युवाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को निर्माण कार्यों से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की गई, जिसमें ईंट जोड़ाई, माप-जोख, सीमेंट-रेत अनुपात, प्लास्टरिंग, दीवार निर्माण, वाटर लेवल सेटिंग, सुरक्षा उपाय एवं गुणवत्ता नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे।

 

प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जैसे सरकारी आवास निर्माण कार्यों में दक्ष बनाना और उन्हें रोजगारोन्मुखी कौशल से सशक्त करना रहा। समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र और राजमिस्त्री कार्य हेतु टूलकिट वितरित की गई, जिससे वे स्वयं का कार्य प्रारंभ कर आत्मनिर्भर बन सकें।

Uploaded Image

इस अवसर पर RSETI जगदलपुर के अधिकारी, ग्राम पंचायत बयानार के सरपंच बाजारू राम सोरी, तथा जिला कोंडागांव के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन की सर्वत्र सराहना की जा रही है।

Related Post