कोंडागांव, 6 अगस्त। भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोंडागांव ने रक्षाबंधन के अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों के सम्मान में 1,250 रक्षा सूत्र भारतीय सेना को भेजे। यह अभियान "सिपाही रक्षा सूत्र" के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सैनिकों के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम का आयोजन जिला संरक्षक एवं कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना तथा जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान के निर्देशन में हुआ। जिला संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती संजना हरमीट के मार्गदर्शन और जिला सचिव चमन लाल सोरी के नेतृत्व में बंधा तालाब परिसर के सामने आयोजित कार्यक्रम में रक्षा सूत्र सेना मुख्यालय भेजे गए।

इस दौरान गाइड बहनों ने पूर्व सैनिकों की कलाई पर राखी बांधकर उनके शौर्य और समर्पण को नमन किया। पूर्व सैनिकों ने देश की रक्षा के साथ-साथ देश की बहनों की सुरक्षा का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम में श्रीमती नीलम श्रीवास्तव, श्रीमती दीपमाला वैष्णव, पवन कुमार साहू, खोगेंद्र नाग सहित स्काउट-गाइड के रेंजर एवं गाइड सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि "सिपाही रक्षा सूत्र" अभियान के तहत पिछले वर्षों में लाखों रक्षा सूत्र भारतीय सैनिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं और इस वर्ष 31 लाख रक्षा सूत्र सैनिकों को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
