बैगा आवासीय विद्यालय धनौली में पालक-बालक सम्मेलन एवं न्योता भोज का आयोजन
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में बच्चों को शिक्षा, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य का संदेश
मरवाही क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धनौली स्थित विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा आवासीय विद्यालय में “पालक-बालक सम्मेलन एवं न्योता भोज” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में मरवाही विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला कलेक्टर श्री विजय दयाराम के, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावते, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री लूसन सिंह राठौर, सेमरा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट अजय तिवारी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री शंकर लाल चक्रधारी, जनपद सदस्य श्रीमती अनारकली, सरपंच श्रीमती पूजा कोल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है और शासन द्वारा बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित पढ़ाई, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। जिला कलेक्टर श्री विजय दयाराम के ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र है, जहां उन्हें शिक्षा के साथ संस्कार और जीवन कौशल भी प्राप्त होते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सदस्य श्री पवन पैकरा ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे कठिन परिश्रम और लगन से अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का सही उपयोग कर बच्चे अपने जीवन को सफल बना सकते हैं और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने बच्चों एवं अभिभावकों के साथ बैठकर न्योता भोज ग्रहण किया, जिससे आपसी अपनापन और सामाजिक समरसता का भाव देखने को मिला। यह आयोजन शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देने, अभिभावकों और बच्चों के बीच संवाद स्थापित करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।
