‘नवा तरिया’ से बदलेगी गांव की तस्वीर: जल संरक्षण के साथ मिलेगा रोजगार

ANP NEWS LIVE पामगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भवतरा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत “नवा तरिया” यानी नए तालाब का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यह पहल जल संरक्षण के साथ ग्रामीणों की आजीविका मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में जिले में पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नए तालाबों के निर्माण और पुराने तालाबों के पुनरुद्धार का कार्य लगातार जारी है।

ग्राम भवतरा में निर्माणाधीन तालाब में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रमिक प्रतिदिन कार्य कर रहे हैं। मनरेगा के तहत चल रहे इस कार्य से स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है, जिससे श्रमिक परिवारों को आर्थिक संबल भी प्राप्त हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि “नवा तरिया” गांव के भविष्य को नई दिशा देगा। आने वाले बारिश के मौसम में यह तालाब जल संचय का प्रभावी माध्यम बनेगा, जिससे भू-जल स्तर में सुधार होगा और किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इससे खेती-किसानी को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नया आधार मिलेगा।

नवा तरिया योजना को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि यह सिर्फ एक तालाब निर्माण नहीं, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और ग्रामीण विकास की नई सोच का प्रतीक है।

मनरेगा के तहत इस प्रकार के विकास कार्यों से गांवों में रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं और स्थानीय स्तर पर सतत विकास को बढ़ावा मिल रहा है।

Related Post