VBG RAM G योजना से ग्रामीणों को मिलेगा 125 दिन रोजगार, मजदूरी बढ़कर ₹300 प्रतिदिन

जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने की अपील, पात्र श्रमिक समय पर पंजीयन कर योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं*

अवास कैवर्त, मरवाही

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के ग्रामीण श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर है। VBG RAM G योजना के तहत अब पात्र ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही श्रमिकों की दैनिक मजदूरी ₹261 से बढ़ाकर ₹300 प्रतिदिन कर दी गई है। जिला पंचायत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मुकेश रावटे ने जिले के सभी पात्र श्रमिकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।

सीईओ मुकेश रावटे ने बताया कि VBG RAM G योजना ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में शासन की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे और पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी।

उन्होंने बताया कि पहले योजना के अंतर्गत श्रमिकों को ₹261 प्रतिदिन मजदूरी मिलती थी, जिसे अब बढ़ाकर ₹300 प्रतिदिन कर दिया गया है। मजदूरी में हुई इस वृद्धि से श्रमिकों की आय बढ़ेगी और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति पहले से अधिक मजबूत होगी।

सीईओ ने सभी पात्र हितग्राहियों से समय पर पंजीयन एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर योजना से जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी भी ग्रामीणों को योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इससे जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि VBG RAM G योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होने से श्रमिकों का पलायन भी कम होगा।

सीईओ मुकेश रावटे ने सभी पात्र ग्रामीण श्रमिकों से इस योजना का लाभ उठाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

Related Post