शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर दिनभर डटे रहे ग्रामीण, पंडाल लगाकर दिया धरना

 

विभिन्न संगठनों व जनप्रतिनिधियों का मिला समर्थन

छुरिया। ग्राम गैंदाटोला–नुन्हाटोला मार्ग स्थित शासकीय शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का आंदोलन और तेज हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शराब दुकान के सामने पंडाल लगाकर दिनभर धरना प्रदर्शन किया तथा शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठाई। आंदोलन के दौरान महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो माह पूर्व भी शराब दुकान हटाने को लेकर आंदोलन किया गया था, जहां क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों एवं स्कूल जाने वाली बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब दुकान के आसपास शराबियों द्वारा असामाजिक गतिविधियां एवं सामाजिक माहौल बिगाड़ने की घटनाएं सामने आने लगी थीं, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ा। उस समय आंदोलन उग्र होने पर देर रात प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा था और लिखित आश्वासन देकर दुकान के स्थानांतरण की सहमति जताई गई थी, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ था।

हालांकि, दो माह से अधिक समय बीतने के बावजूद शराब दुकान का स्थानांतरण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई। इसी के विरोध में ग्रामीण एक बार फिर लामबंद होकर शराब दुकान के सामने पंडाल लगाकर धरने पर बैठ गए और स्पष्ट कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए।

विभिन्न संगठनों व जनप्रतिनिधियों ने दिया समर्थन

आंदोलन को लेकर ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से समर्थन की मांग की थी, जिसके बाद कई संगठन व जनप्रतिनिधि आंदोलन स्थल पहुंचे और ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन दिया। आंदोलन को सर्व आदिवासी समाज, प्रदेश किसान संघ सहित कई सामाजिक संगठनों का खुला समर्थन मिला।इस दौरान क्षेत्र के पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू, स्थानीय जनपद सदस्य, सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समर्थन देने पहुंचे लोगों ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेकर ग्रामीणों की मांग पूरी करने की बात कही।

भारी भीड़ के साथ निकाली रैली, जमकर हुआ विरोध प्रदर्शन

दिनभर धरने के बाद शाम करीब 5 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रैली निकालकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। रैली गैंदाटोला और आसपास के मार्गों से होकर निकली, जिसमें महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर शराब दुकान हटाने की मांग बुलंद की।इस दौरान आबकारी विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने और आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास भी किया गया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अडिग रहे और किसी प्रकार की सहमति नहीं बन सकी।

अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान

दिनभर चले आंदोलन और रैली के बाद ग्रामीणों ने सामूहिक निर्णय लेते हुए घोषणा की कि जब तक शराब दुकान को हटाने की कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन अनिश्चितकालीन जारी रहेगा।आंदोलन में प्रदेश किसान संघ से सुदेश टीकम, ध्रुव गोंड समाज तहसील इकाई प्रवक्ता बसंत मंडावी, सर्व आदिवासी समाज के सचिव देशराम कोर्राम, नंदकुमार गोंड़िया, टी.आर. पंद्रे, विवेक मंडावी, मोती सिन्हा, चंदू साहू, जनपद सदस्य बालमुकुंद कुंजाम, सरपंच प्यारेलाल मंडावी, ग्राम पटेल गयादास चंद्रवंशी, चंद्रभान कोर्राम, महेंद्र साहू, भागवत कस्तूरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।अब देखना होगा कि लगातार बढ़ते जनदबाव और अनिश्चितकालीन आंदोलन के बीच प्रशासन शराब दुकान को लेकर क्या निर्णय लेता है।

Related Post