कोंडागांव, 30 मई 2026 | छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज जिला कोंडागांव द्वारा सार्वजनिक श्मशान घाट (मरघट) पर अतिक्रमण की शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को सीमांकन कराया। सीमांकन में शिकायत सही पाई गई और मरघट की भूमि पर कब्जा होने की पुष्टि हुई।
समाज के जिला अध्यक्ष पनकूराम नेताम सहित अन्य पदाधिकारियों ने 25 मई को एसडीएम कोंडागांव को ज्ञापन सौंपकर माकड़ी स्थित मां संतोषी फ्यूल्स पेट्रोल पंप के पीछे मौजूद आदिवासी समाज के पारंपरिक मरघट को कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि भूमि पर मिट्टी पटवाकर ईंट निर्माण मशीन स्थापित कर दी गई है, जिससे अंतिम संस्कार में परेशानी हो रही है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर तहसीलदार माकड़ी ने शिकायतकर्ताओं और संबंधित पक्ष की उपस्थिति में राजस्व अमले व पुलिस बल के साथ सीमांकन कराया। तहसीलदार ने अतिक्रमणकर्ता को 10 दिनों के भीतर कब्जा हटाने के मौखिक निर्देश दिए हैं। बड़ी संख्या में सामाजिकजन मौजूद रहे, लेकिन पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
