कोंडागांव, 08 जून 2025: शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुँचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किए जा रहे युक्तियुक्तकरण का असर अब ज़मीनी स्तर पर दिखने लगा है। कोंडागांव विकासखंड के दो पूरी तरह से शिक्षकविहीन प्राथमिक स्कूल — खंडाम और बाखरा — को इस प्रक्रिया के तहत दो-दो शिक्षक मिल गए हैं।
खंडाम में 65 और बाखरा में 66 बच्चों के दर्ज होने के बावजूद अब तक यहां कोई शिक्षक पदस्थ नहीं था। इससे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। लेकिन अब सरकार की पहल और शिक्षा विभाग की त्वरित कार्रवाई से इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है, जिससे छात्रों और अभिभावकों में खुशी की लहर है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पहले ही स्पष्ट किया था कि सभी स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक होना सरकार की प्राथमिकता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा विभाग ने अतिशेष शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण करते हुए उन्हें जरूरतमंद और शिक्षकविहीन स्कूलों में पदस्थ करना शुरू कर दिया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की स्थिति में बड़ा सुधार होगा। अब छात्र शिक्षक मार्गदर्शन में बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे और अपने भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ अग्रसर होंगे।
इस फैसले ने न केवल शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक मजबूत कदम रखा है, बल्कि ग्रामीण बच्चों और उनके परिवारों में उम्मीद की नई किरण भी जगाई है।
