बिलासपुर से बेंगलुरु के लिए रेल यात्रा हुई आसान, साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित परिचालन शुरू

Anp News Live दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी सुविधा देते हुए बिलासपुर–यलहंका (बेंगलुरु)–बिलासपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस (18261/18262) का नियमित परिचालन 26 अगस्त 2026 से शुरू कर दिया है। इस नई नियमित रेल सेवा से बिलासपुर और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।

यह ट्रेन विशेष रूप से शिक्षा, रोजगार, व्यापार, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क को नई गति प्रदान करेगी। बेंगलुरु देश के प्रमुख आईटी और औद्योगिक केंद्रों में शामिल है, ऐसे में बिलासपुर क्षेत्र से सीधा रेल संपर्क मजबूत होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

हर बुधवार बिलासपुर से रवाना होगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 18261 बिलासपुर–यलहंका (बेंगलुरु) साप्ताहिक एक्सप्रेस का परिचालन 26 अगस्त 2026 से प्रत्येक बुधवार को किया जाएगा। यह ट्रेन बिलासपुर स्टेशन से दोपहर 2:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 7:00 बजे यलहंका पहुंचेगी।

मार्ग में यह ट्रेन भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, वडसा, चांदाफोर्ट, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचिर्याल, काजीपेट, चर्लपल्ली, सिकंदराबाद, लिंगमपल्ली, विकाराबाद, तांडूर, यादगीर, कृष्णा जंक्शन, रायचूर, मंत्रालयम रोड, गुंटकल, गुत्ती, अनंतपुर और धर्मवरम सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

हर गुरुवार यलहंका से बिलासपुर के लिए वापसी

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 18262 यलहंका (बेंगलुरु)–बिलासपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस का परिचालन 27 अगस्त 2026 से प्रत्येक गुरुवार को किया जाएगा। यह ट्रेन यलहंका से रात 9:30 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 3:30 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।

वापसी यात्रा के दौरान ट्रेन धर्मवरम, अनंतपुर, गुत्ती, गुंटकल, मंत्रालयम रोड, रायचूर, कृष्णा जंक्शन, यादगीर, तांडूर, विकाराबाद, लिंगमपल्ली, सिकंदराबाद, चर्लपल्ली, काजीपेट, मंचिर्याल, सिरपुर कागजनगर, बल्लारशाह, चांदाफोर्ट, वडसा, गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और भाटापारा जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

इस नियमित साप्ताहिक एक्सप्रेस के शुरू होने से छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को एक बेहतर और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। साथ ही, बिलासपुर क्षेत्र का दक्षिण भारत से सामाजिक और आर्थिक संपर्क भी मजबूत होगा।

रेलवे की यह नई सुविधा विद्यार्थियों, नौकरीपेशा युवाओं, व्यापारियों और पर्यटकों के लिए विशेष रूप से लाभदायक साबित होने की उम्मीद है।

Related Post