ANP NEWS LIVE भाई-बहनों के स्नेह और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने दुर्ग–रायगढ़–दुर्ग के बीच रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 27, 28 और 29 अगस्त 2026 को दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी।
रक्षाबंधन पर्व पर अपने परिवार और प्रियजनों से मिलने के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को इस विशेष ट्रेन से अतिरिक्त और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि ट्रेन को दुर्ग और रायगढ़ के बीच सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है, जिससे मार्ग के विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।
दुर्ग से रायगढ़ के लिए समय-सारिणी
गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग–रायगढ़ रक्षाबंधन स्पेशल 27, 28 एवं 29 अगस्त 2026 को दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बिलासपुर में दोपहर 2:45 बजे, अकलतरा में 3:27 बजे, जांजगीर-नैला में 3:44 बजे, चांपा में 3:55 बजे, बाराद्वार में 4:13 बजे, सक्ती में 4:59 बजे और खरसिया में 5:16 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन शाम 7:00 बजे रायगढ़ पहुंचेगी।
रायगढ़ से दुर्ग के लिए समय-सारिणी
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़–दुर्ग रक्षाबंधन स्पेशल 27, 28 एवं 29 अगस्त 2026 को रायगढ़ से शाम 7:40 बजे रवाना होगी। ट्रेन खरसिया में 8:13 बजे, सक्ती में 8:30 बजे, बाराद्वार में 8:43 बजे, चांपा में 9:00 बजे, जांजगीर-नैला में 9:12 बजे, अकलतरा में 9:25 बजे तथा बिलासपुर में 10:20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन रात 2:00 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
इस रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन में 8 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआरडी कोच सहित कुल 10 कोच उपलब्ध रहेंगे।
रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए रेलवे की यह विशेष सुविधा यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
